क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद के शिकोहाबाद क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मुस्तफाबाद रोड पर दखिनारा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे एक कंटेनर शिकोहाबाद से मुस्तफाबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुस्तफाबाद की तरफ से शिकोहाबाद आ रही बाइक से कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार युवक कंटेनर के नीचे दब गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलने पर थाना शिकोहाबाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर के नीचे दबे युवक के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके की गंभीरता को देखते हुए शिकोहाबाद थाना पुलिस के साथ-साथ अन्य थानों का पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि अभी तक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।