फिरोजाबाद(ईएमएस)। केंद्र सरकार द्वारा बजट पेश किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया पर उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कड़ा जवाब दिया है। फिरोजाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि “अखिलेश यादव को बजट की क्या जानकारी है, देश का हर वर्ग इस बजट का स्वागत कर रहा है।” पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए बजट की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यटन ऐसा क्षेत्र है जो रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाता है। “एक पर्यटक आने से कम से कम छह लोगों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है।” उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सरकार बनी थी, तब प्रदेश में पर्यटकों की संख्या करीब 23 करोड़ थी, जो अब दिसंबर 2025 तक बढ़कर 137 करोड़ तक पहुंच गई है। जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश और भारत को पर्यटन का वैश्विक हब बनाना है। कई देश ऐसे हैं जिनकी पूरी अर्थव्यवस्था पर्यटन पर आधारित है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि देश के नागरिकों को विदेशों में घूमने के बजाय अपने देश में ही पर्यटन करना चाहिए, ताकि देश का राजस्व देश में ही रहे। वहीं विदेशी पर्यटकों को भारत आकर घूमने के लिए आकर्षित किया जा रहा है, जिससे देश की आय में बढ़ोतरी हो सके। पर्यटन मंत्री ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन से जुड़े विकास कार्य चल रहे हैं और आने वाले समय में इसका और अधिक लाभ प्रदेश को मिलेगा। ईएमएस