राज्य
02-Feb-2026
...


नारायणपुर(ईएमएस)। घोर नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखा गया एक विशाल डंप बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में विस्फोटक सामग्री के साथ-साथ नक्सलियों के दैनिक उपयोग का सामान भी जब्त किया गया। जानकारी के अनुसार, नारायणपुर पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और 53वीं वाहिनी आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच सघन जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों का डंप मिला, जिसे बेहद रणनीतिक तरीके से जंगल के भीतर छिपाकर रखा गया था। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक प्रेशर कुकर आधारित आईईडी भी बरामद हुई। आईटीबीपी की बम निरोधक दस्ते (BDS) ने तत्परता दिखाते हुए आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया। बरामद नक्सली डंप से बड़ी संख्या में डेटोनेटर, ड्रम, राशन सामग्री और दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं मिली हैं। सुरक्षाबलों का मानना है कि इस डंप का उपयोग नक्सली लंबे समय तक इलाके में सक्रिय रहने और बड़ी वारदातों को अंजाम देने के लिए करने वाले थे। सुरक्षा एजेंसियों ने आशंका जताई है कि आसपास के जंगलों में और भी नक्सली ठिकाने हो सकते हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षाबलों की सतर्कता बढ़ा दी गई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 फरवरी 2026