मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में एक चौंकाने वाली और परेशान करने वाली जानकारी सामने आई है कि पिछले 36 घंटों में मुंबई से 12 नाबालिग बच्चे लापता हो गए हैं। इन 12 लापता बच्चों में 8 लड़कियां शामिल हैं, और उनके लापता होने की शिकायत मुंबई के 7 अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में दर्जकरवाया गया है। मुंबई में इन घटनाओं को देखते हुए, पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लिया है और शहर में हाई अलर्ट जारी किया है। इससे यह डर पैदा हो गया है कि शहर में संगठित मानव तस्करी गिरोह सक्रिय हैं। माता-पिता की शिकायतों के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत 12 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लापता बच्चों में से 4 शिवाजी नगर इलाके से, 2 साकीनाका से और 2 एंटॉप हिल इलाके से हैं। ओशिवारा, मानखुर्द, बांगुर नगर और घाटकोपर से एक-एक बच्चे के लापता होने की खबर है। चूंकि माता-पिता ने बताया है कि उन्हें इन लापता मामलों में कोई फिरौती कॉल नहीं आया है, इसलिए मानव तस्करी का मुद्दा लग रहा है जो गंभीर चिंता का विषय बन गया है। संजय/संतोष झा- ०२ फरवरी/२०२६/ईएमएस