- कम से कम 15 लोगों के 25 लाख रुपये के सोने के गहने हुए चोरी बारामती, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का 28 जनवरी को बारामती एयरपोर्ट के पास विमान क्रेश में दुखद निधन हो गया। अगले दिन, 29 जनवरी को, लाखों समर्थकों और प्रमुख राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी में बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में उनका अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि, अब चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है कि अंतिम संस्कार के दौरान चोरों ने भी मौके का फायदा उठाया और कम से कम 15 लोगों के 25 लाख रुपये के सोने के गहने चोरी हो गए। पुलिस ने इस सिलसिले में छह चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके साथियों की तलाश कर रही है। दरअसल 29 जनवरी को अजीत पवार के अंतिम संस्कार में लाखों लोगों की भीड़ मौजूद थी। इस भारी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ चोरों ने लोगों के गले से सोने की चेन और गहने चुराने की कोशिश की। इनमें से कुछ चोरों को नागरिकों ने पकड़ लिया, उनकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि उस दिन बारामती में आठ हजार पुलिसकर्मी मौजूद थे। विद्या प्रतिष्ठान मैदान में हजारों पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद, जहां चोरों के गिरोह ने चोरी करने की हिम्मत की। खबर है कि बारामती तालुका पुलिस में आठ से दस शिकायतें दर्ज की गई हैं।