क्षेत्रीय
02-Feb-2026
...


राजगढ़(ईएमएस)नगर में में रविवार रात करीब 10 बजे खिलचीपुर नाके के पास NH52 पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। ब्यावरा से राजस्थान जा रही महिंद्र मराजो से धुआं उठता देख चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी। कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर आग की लपटें उठती देख वाहन चालकों में घबराहट फैल गई। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल वाहन से आग बुझाई गई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग के कारण कुछ समय के लिए NH52 पर यातायात भी प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार आग जिस कार में लगी, वह महिंद्र मराजो (RJ 08 UA 5233) थी। कार चालक अब्दुल तालिब (37), निवासी बूंदी (राजस्थान) ने बताया कि वह ब्यावरा से बूंदी जा रहे थे। उनके साथ शानू भाई और अब्दुल हमीद भी मौजूद थे। खिलचीपुर नाके के पास चलते वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और आग लग गई। उन्होंने तुरंत गाड़ी रोककर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।-निखिल कुमार (राजगढ़)2/2/2026