02-Feb-2026
...


- श्रीधाम स्टेशन के आउटर की घटना, आरोपियों की तलाश जारी जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर रेल मंडल के श्रीधाम स्टेशन के आउटर में अज्ञात तत्वों द्वारा संघमित्रा एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव किया। दानापुर से चेन्नई की ओर जा रही संघमित्रा एक्सप्रेस जब पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत श्रीधाम आउटर से गुजर रही थी, तभी अचानक ट्रेन पर पत्थरों की बौछार शुरू हो गई। इस घटना में पेंट्रीकार की खिड़कियों के कांच पूरी तरह टूट गए। घटना के वक्त पेंट्रीकार के भीतर कर्मचारी भोजन तैयार कर रहे थे। इस पथराव में हालांकि किसी भी यात्री या रेल कर्मचारी को गंभीर चोट नहीं आई । सूचना मिलने के बाद ट्रेन के अगले स्टेशन पहुँचते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीमें मौके पर पहुँच गईं। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त पेंट्रीकार का बारीकी से मुआयना कर पंचनामा तैयार किया । पेंट्रीकार स्टाफ के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं ताकि घटना की स्पष्ट जानकारी मिल सके। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अज्ञात आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, रेल ट्रैक के किनारे रहने वाले स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। रेलवे पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकत करने वाले दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अजय पाठक / मोनिका / 02 फरवरी 2026