अंतर्राष्ट्रीय
02-Feb-2026


लिस्बन (ईएमएस)। पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी शहजाद भट्टी फिर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हमले में बच गया है। लॉरेंस गैंग ने दावा किया है कि रविवार को पुर्तगाल में भट्टी को निशाना बनाया गया, लेकिन वह जिंदा बच गया। हमले के दावे के बाद आंतकी भट्टी के कुछ ऑडियो सामने आए हैं, जिसमें वह किसी से बातचीत करते हुए कह रहा है कि उसके साथ गलत हुआ है। बताया जा रहा है कि भट्टी पुर्तगाल में बाजवा नाम के एक शख्स के फार्महाउस पर रुका हुआ था। उस फार्महाउस की तस्वीरें भी सामने आई हैं। यह पहली बार नहीं है जब भट्टी पर हमला होने का दावा किया जा रहा है। इससे पहले 22 जुलाई 2025 को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने पुर्तगाल के तंगुआ शहर में एक होटल में ठहरे भट्टी पर हमले का दावा किया था। उस घटना में भी भट्टी सुरक्षित बच निकल गया था। वहीं लॉरेंस गैंग ने भट्टी के खिलाफ और बड़ा हमला करने की धमकी दी है। गैंग का कहना है कि अगली बार भट्टी जिंदा नहीं बचेगा। गैंग के मुताबिक आंतकी शहजाद भट्टी देश का दुश्मन है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले तक लॉरेंस बिश्नोई और शहजाद भट्टी की दोस्ती की खबरें भी सामने आती रही हैं। हालांकि हाल ही में भट्टी ने वीडियो पोस्ट कर दावा किया था कि वह लॉरेंस और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को मार देगा। इस पूरे मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मुख्य आरोपी जीशान अख्तर का नाम भी जुड़ गया है। जीशान अख्तर ने वीडियो जारी कर भट्टी का शुक्रिया अदा किया था। जीशान ने कहा था कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बाद भट्टी ने देश से बाहर भागने में मदद की थी। जीशान ने कहा था कि वह अनमोल और लॉरेंस बिश्नोई को मारेगा। आशीष दुबे / 02 फरवरी 2026