:: संकल्प से समाधान : छिपा बाखल में लगा शिविर; 105 सरकारी योजनाओं से रूबरू हुए नागरिक :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संकल्प से समाधान आह्वान के तहत इंदौर नगर निगम द्वारा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु वार्डवार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को झोन 20 के वार्ड 8 (छिपा बाखल) स्थित संजीवनी क्लीनिक के समीप शिविर आयोजित किया गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शिविर में नागरिकों से सीधा संवाद किया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। स्थानीय निवासियों ने मुख्य रूप से पेयजल आपूर्ति, क्षेत्र की सफाई व्यवस्था और सीवरेज से जुड़ी समस्याएं दर्ज कराईं। इन शिकायतों का मौके पर ही डिजिटल पंजीयन कर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु सौंपा गया। महापौर ने स्पष्ट किया कि फाइलों को कार्यालयों में उलझाने के बजाय मौके पर ही निराकरण करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। शिविर का मुख्य आकर्षण शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन रहा। महापौर ने पीएम स्वनिधि योजना और घरेलू कामकाजी महिला योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ के प्रमाण-पत्र वितरित किए। भार्गव ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की 105 से अधिक योजनाएं समाज के हर वर्ग के सशक्तिकरण के लिए संचालित हैं। इस अभियान का उद्देश्य इन योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से नागरिकों को उनके घर के समीप ही उपलब्ध कराना है। शिविर में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि अशोक चांदू नेता, नीता मुकेश शर्मा, झोनल अधिकारी पल्लवी पाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर ने अभियान की सफलता को रेखांकित करते हुए कहा कि नगर निगम का यह वार्ड मॉडल समस्याओं के निराकरण में मिल का पत्थर साबित हो रहा है। प्रकाश/02 फरवरी 2026