:: 80.99 करोड़ की लागत से सुदृढ़ हुई नगरीय अधोसंरचना; 2048 तक की आबादी को मिलेगा लाभ :: सेंधवा/इंदौर (ईएमएस)। इंदौर संभाग के बड़वानी जिले के सेंधवा नगर में नगरीय स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। जर्मन विकास बैंक (केएफडब्ल्यू) के वित्तीय सहयोग और मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के माध्यम से निर्मित सीवरेज परियोजना ने नगरीय आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण का सफल उदाहरण पेश किया है। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे के अनुसार, लगभग 18 वर्ग किलोमीटर में फैली यह परियोजना वर्ष 2048 की अनुमानित जनसंख्या (90,300) को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। :: आधुनिक तकनीक और विशाल नेटवर्क :: परियोजना के तहत नगर में वैज्ञानिक पद्धति से सीवरेज प्रणाली विकसित की गई है। इसकी कुल लागत संचालन और संधारण सहित 80.99 करोड़ रुपये है। नगर के विकास के लिए निम्नलिखित प्रमुख कार्य किए गए हैं: सीवर नेटवर्क : शहर के विभिन्न हिस्सों में कुल 90.55 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई गई है। एसबीआर तकनीक : 8.50 एमएलडी क्षमता का आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है, जो अपशिष्ट जल का प्रभावी उपचार सुनिश्चित करता है। पंपिंग स्टेशन : सुचारू संचालन के लिए 7.60 एमएलडी क्षमता का इंटरमीडिएट और 0.428 एमएलडी क्षमता का लिफ्टिंग पंपिंग स्टेशन बनाया गया है। :: 12 हजार से अधिक कनेक्शन, जनस्वास्थ्य में होगा सुधार :: नगर को पूरी तरह सीवरेज सुविधा से जोड़ने के लिए 3,943 हाउस चेंबर और 3,338 मैनहोल का निर्माण किया गया है। अब तक 12,346 सीवरेज कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से न केवल शहर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय जल स्रोतों के संरक्षण और जनस्वास्थ्य की स्थिति भी बेहतर होगी। यह परियोजना भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ शहर की समग्र जीवन गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। प्रकाश/02 फरवरी 2026