राज्य
02-Feb-2026
...


:: त्रिवेणी टंकी, देव नगर और पांचू की चाल का औचक निरीक्षण; दूषित पानी पर अफसरों को सख्त अल्टीमेटम :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दूषित जल प्रदाय की शिकायतों के स्थाई समाधान हेतु नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। जल संकट और गंदे पानी की समस्याओं को प्राथमिकता पर लेते हुए सिंघल ने सोमवार सुबह झोन क्रमांक 9 के अंतर्गत आने वाले त्रिवेणी पानी की टंकी, देव नगर और पांचू की चाल क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की जमीनी हकीकत जांची और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त की इस सक्रियता से क्षेत्रीय अमले में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाइपलाइन विस्तार और दूषित पानी की समस्या के स्थायी निराकरण के लिए चल रहे तकनीकी कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही होने चाहिए। आयुक्त ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने जलयंत्रालय विभाग को निर्देशित किया कि अधूरे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर जनता को राहत पहुँचाई जाए। :: जनता से सीधा संवाद और त्वरित निराकरण के निर्देश :: आयुक्त सिंघल केवल कागजी रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद नागरिकों से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने निवासियों से जल प्रदाय के समय और पानी की शुद्धता को लेकर फीडबैक लिया। नागरिकों द्वारा बताई गई स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु उन्होंने जोनल अधिकारी को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नरेंद्र नाथ पांडे, झोनल अध‍िकारी सहित जलप्रदाय से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। निगम प्रशासन के इस कड़े रुख से क्षेत्रवासियों में पेयजल संबंधी पुरानी समस्याओं के समाधान की नई उम्मीद जगी है। प्रकाश/02 फरवरी 2026