राज्य
02-Feb-2026


स्वाति नेगी ने धमकाने व मौलिक अधिकारों का हनन किए जाने की डीजीपी एवं एसएसपी से की शिकायत देहरादून (ईएमएस)। ज्योति विहार शास्त्री एन्क्लेव निवासी स्वाति नेगी ने नेहरू काॅलोनी थाने के एसएचओ संजीत कुमार व चैकी इंचार्ज धनीराम पुरोहित पर धमकाने व मौलिक अधिकारों का हनन किए जाने की शिकायत डीजीपी एवं एसएसपी से की है। यहां परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि स्टेटस पर किसी भी प्रकार की कोई पोस्ट डाली ही नहीं है तो किस कारण से धमकाया जा रहा है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई करने को कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चैकी इंचार्ज धनीराम पुरोहित ने उन्हें फोन किया की जो तुमने स्टेटस पर हिंदू वाली फोटो डाली है उसे तुरंत डिलिट कर दो। उन्होंने कहा कि वो नफरती हिंदू क्या है उसे डिलिट करो। उन्होंने डीजीपी को दी गई शिकायत में कहा है कि चैकी इंचार्ज धनीराम पुरोहित खुद मामले से अनभिज्ञ है और लगातार धमका रहे है और मुकदमा दर्ज करने की बात कह रहे है। उन्होंने कहा कि बजरंग दल व आरएसएस के कार्यकर्ता भी उन्हें धमकाने का कार्य कर रहे है और जब उनकी शिकायत की जाती है तो उन पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। स्वाति नेगी ने कहा है कि यहां तक की उनके मकान मालिक को भी उन्हें घर से निकालने के लिए कहा गया है कि यह हिंदू विरोधी है। उन्होंने डीजीपी व एसएसपी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं की जाती है तो वह न्यायालय के माध्यम से इन अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज कराएंगी। इस दौरान उत्तराखंड महिला मंच की प्रदेश संयोजक कमला पंत ने कहा है कि यदि नौजवान बालिकाओं पर पुलिस की इस प्रकार की हरकतों के खिलाफ मोर्चा खोलकर सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की अभिव्यक्ति का हनन किया जा रहा है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वाति नेगी का उत्पीड़न किया जो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। सीमा भंडारी ने कहा है कि बजरंग दल व विहिप पर किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है ओर यह लोग नफरती माहौल फैला रहे है और ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए और स्वाति नेगी का उत्पीड़न बंद नहीं किया गया तो सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सीपीआईएम के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने कहा कि पुलिस द्वारा स्वाति को धमकाने की कोशिश निंदनीय है। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ व घृणा फैलाने वालों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार आपत्तिजनक है जो किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में प्रवीण भारद्वाज, डा. रवि चोपडा, निर्मला बिष्ट, त्रिलोचन भट्ट आदि उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/02 फरवरी 2026