राज्य
02-Feb-2026
...


:: चैंबर निर्माण और पाइपलाइन बिछाने में तेजी लाने के निर्देश; पेयजल संकट से मिलेगी मुक्ति :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में नर्मदा जलप्रदाय व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सोमवार प्रातः क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। आयुक्त ने निर्माण स्थल पर स्वयं पहुँचकर चैंबर निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की तकनीकी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही यहाँ सुचारू जलप्रदाय प्रारंभ किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पानी की टंकी से लेकर तारा मेडिकल और आंगनबाड़ी केंद्र तक बिछाई जा रही पाइपलाइन की प्रगति देखी। उन्होंने मौके पर मौजूद जलप्रदाय टीम और ठेकेदारों को कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि जल्द से जल्द मुख्य लाइनों का कार्य पूर्ण हो सके। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने के साथ-साथ चैंबर निर्माण का कार्य भी गुणवत्तापूर्ण ढंग से त्वरित गति से किया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द नर्मदा जल का लाभ मिल सके। आयुक्त के साथ अपर आयुक्त नरेंद्र नाथ पांडे और प्रभारी सहायक यंत्री लक्ष्मीकांत वाजपेई भी मौजूद रहे। सिंघल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शेष क्षेत्रों में अभी जलप्रदाय बाधित है, वहां भी सुचारू और पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुँचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी और जलयंत्रालय/नर्मदा परियोजना की टीम को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। निगम प्रशासन के इस कड़े रुख से उम्मीद जताई जा रही है कि भागीरथपुरा क्षेत्र में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान जल्द ही हो जाएगा। प्रकाश/02 फरवरी 2026