राज्य
02-Feb-2026


:: मिशन एक्सीलेंस के तहत विज्ञान मंथन यात्रा के लिए आवेदन शुरू; चंद्रयान के मॉडल्स देखेंगे विद्यार्थी :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) द्वारा प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए म.प्र. मिशन एक्सीलेंस के अंतर्गत विज्ञान मंथन यात्रा 2025-26 का शानदार अवसर लाया गया है। इस अभिनव योजना का उद्देश्य स्कूली छात्रों में विज्ञान के प्रति अभिरुचि पैदा करना और उन्हें भविष्य के शोध के लिए प्रेरित करना है। इसके तहत चयनित विद्यार्थियों को देश के ख्याति प्राप्त अंतरिक्ष केंद्र इसरो और श्रीहरिकोटा के शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया जाएगा। यह यात्रा विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से परे अंतरिक्ष विज्ञान की वास्तविक दुनिया से रूबरू कराएगी। अप्रैल 2026 में होने वाली इस यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को उन वैज्ञानिकों से सीधे संवाद करने का दुर्लभ मौका मिलेगा, जिन्होंने चंद्रयान मिशन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। छात्र यहाँ उपग्रहों (Satellites) के मॉडल्स और उनकी कार्यप्रणाली को लाइव देख सकेंगे। परिषद का मानना है कि इस तरह के प्रत्यक्ष अनुभव से विद्यार्थियों में तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होगा। :: कौन कर सकता है आवेदन? योजना में प्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं के विद्यार्थी और कक्षा 11वीं व 12वीं के केवल विज्ञान विषय के छात्र शामिल हो सकते हैं। पात्रता : आवेदक ने पिछली कक्षा में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। शिक्षकों को मौका : विज्ञान विषय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी इस यात्रा के लिए आवेदन करने हेतु पात्र हैं। :: कैसे और कब करें अप्लाई? इच्छुक विद्यार्थी एवं शिक्षक आधिकारिक वेबसाइट www.mpcost.gov.in या mpmissionexcellence.org के माध्यम से 9 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर पात्रता, चयन प्रक्रिया और यात्रा से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं। प्रकाश/02 फरवरी 2026