-ट्रंप ने करीब चार साल से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर जगाई उम्मीद वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने करीब चार साल से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर उम्मीद जगाई है। ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि उनकी सरकार के शांति प्रयास रंग ला रहे हैं और जल्द ही दुनिया को अच्छी खबर मिल सकती है। ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार यूक्रेन और रूस के बीच जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए बहुत प्रभावी ढंग से काम कर रही है। ट्रंप का ये बयान उस समय आया है जब हाल ही में पुतिन ने ट्रंप के कहने पर यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने के लिए 7 दिनों के अस्थायी युद्धविराम पर सहमति दी थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने पहली बार इतने खुले तौर पर युद्ध विराम या शांति समझौते की संभावना जताई है। उन्होंने विश्वास के साथ कहा कि मुझे लगता है कि हम यूक्रेन और रूस के साथ बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। पहली बार मैं ये कह रहा हूं। बता दें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने विशेष सैन्य अभियान के नाम पर 24 फरवरी 2022 को यूक्रेन पर हमला कर दिया था। देखते ही देखते ये संघर्ष दूसरे विश्व युद्ध के बाद यूरोप का सबसे भीषण युद्ध बन गया। इस संघर्ष ने ना सिर्फ मानवीय संकट पैदा किया, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था को भी हिलाकर रख दिया। ईंधन और अनाज की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई, जिससे पूरी दुनिया में महंगाई बढ़ी। वहीं, ट्रंप ने अमेरिका में अपने चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया था कि वो सत्ता में आते ही 24 घंटे में रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवा देंगे, हालांकि अब तक ऐसा नहीं हो सका है। सिराज/ईएमएस 03फरवरी26