क्षेत्रीय
03-Feb-2026
...


महोबा(इएमएस)।उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह को कथित रूप से बंधक बनाने वाले महोबा जिले की चरखारी सीट से भाजपा के विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने अपने बगावती तेवर कायम रखते हुए मंगलवार को कहा है की नेताओं को बंधक बनाना उनके लिए बड़ी बात नहीं है.जन समस्याओं और शिकायतों के लिए आंदोलन करते हुए वह पूर्व मे अफसरों को चूड़ियाँ भेंट करके पेटीकोट भी पहना चुके है. विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने एक कार्यक्रम मे कहा की क्षेत्रवासियों की समस्या को लेकर जलशक्ति मंत्री के साथ सड़क पर संवाद को गलत ठहराया जाना उचित नहीं है. मंत्री महोदय जनता के प्रतिनिधि है और जनता उनसे कही भी अपनी बात कह सकती है. बताया की विधायक बनने से पूर्व उन्होंने अपने गैर राजनैतिक संगठन बुंदेलखंड अधिकार सेना के बैनर तले तत्कालीन कांग्रेस की केंद्र सरकार के मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को उनके झांसी स्थित आवास मे बंधक बनाया था.इसके आलावा जन समस्याओ के समाधान कराने के लिए अधिकार सेना द्वारा चलाये गए आंदोलनों मे उन्होंने अधिकारियों को अनेकों बार न सिर्फ चूड़ियाँ भेंट की बल्कि पेटीकोट पहनाया. ब्रजभूषण राजपूत ने कहा की भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने और विधायक बनने के उपरान्त वह अनुशासन का पालन करते है. अपने क्षेत्र के मतदाताओं की आवाज उठाना अनुशासन हीनता नहीं है. जल जीवन मिशन को अधिकारियों ने लूट की योजना बना दिया है. हर घर जल से नल योजना मे जल निगम के अधिकारी आकड़ो की बाजीगरी दिखाकर महोबा जिले को प्रदेश मे अव्वल स्थान भले ही दिला रहे हो लेकिन यहां हालत बेहद खराब है. जिले मे योजना का अभी तक केवल 50-60 फीसदी कार्य ही पूरा हुआ है. गाँवों मे पाईप लाइन भले ही बिछा दी गयी लेकिन वह सूखी पड़ी है. ग्रामीण महिलाओ को आज भी पानी हासिल करने के लिए पुराने संसाधनों पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है. विधायक राजपूत ने कहा की महोबा जिले मे पानी की पाईप लाइन बिछाये जाने के दौरान ग्रामीण क्षेत्रो मे खराब हुयी सड़को की मरम्मत के नाम पर केवल खानापूरी की गयी है.जल शक्ति मंत्री से गत दिनों इस संबंध मे की गयी शिकवा शिकायत के बाद जिला प्रशांसन ने अपना पक्ष रखते हुए कुल करीब पांच फीसद कार्य शेष रहने का झूठा दावा पेश किया है. कार्य की पूर्णता के लिए 20 दिनों का समय चाहा गया है. निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद यहां पानी की लड़ाई एक बार फिर जोर शोर से लड़ी जायेगी. और अबकी मुख्य निशाने पर झूठे व मक्कार अफसर होंगे. एच के पोद्दार