- दादा दरबार के छोटे सरकार ने विद्यार्थियों को दिया संस्कार और आत्मविश्वास का मंत्र :: इंदौर (ईएमएस)। राजमोहल्ला स्थित श्री क्लॉथ मार्केट वैष्णव हायर सेकेंडरी स्कूल के अमृत महोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में गुरु-शिष्य संगम का भव्य आयोजन किया गया। श्री वैष्णव ट्रस्ट द्वारा संचालित इस विद्यालय में आध्यात्मिक वातावरण के बीच गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा और संस्कारों के महत्व को रेखांकित किया गया। इस गरिमामय अवसर पर श्री 1008 श्री दादा दरबार आश्रम के वर्तमान गुरु, परम पूज्य स्वामी रामेश्वर दयाल महाराज (छोटे सरकार) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष बात यह रही कि महाराज स्वयं इसी विद्यालय के पूर्व छात्र (1972-77) रहे हैं। उनका स्वागत एनसीसी बैंड द्वारा मधुर भजनों की स्वर-लहरियों के साथ किया गया। :: शिक्षा के लिए आत्मविश्वास अनिवार्य :: अपने आशीर्वचन में गुरुजी ने ‘मानव धर्म’ पुस्तक के दर्शन को समझाते हुए कहा कि शिक्षा प्राप्ति के लिए आत्मविश्वास पहली शर्त है। उन्होंने जीवन पथ पर अग्रसर होने के लिए सहजता, विश्वास और प्रेम को अपरिहार्य बताया। महाराज के मुखारविंद से हुए शिव तांडव स्तोत्र के पाठ ने पूरे सभागार को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। :: सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण :: विद्यालय प्रबंध समिति के मंत्री मनीष बाहेती ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और वे भारतीय संस्कृति व नैतिक मूल्यों से जुड़ते हैं। प्राचार्य नवीन मुद्गल ने दादा दरबार की अखंड धूनी और गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा से विद्यार्थियों को परिचित कराया। इस अवसर पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार नागर, उपाध्यक्ष रवि सिंगी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन शाल-श्रीफल भेंट कर गुरुजी का आशीर्वाद लेने और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। प्रकाश/3 फरवरी 2026