03-Feb-2026
...


-चार महीने से कोमा में था, नागपुर एम्स में चल रहा था इलाज बैतूल,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश के परासिया में हुए कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड के शिकार बैतूल जिले के चार साल के हर्ष की रविवार रात नागपुर एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले चार महीने से आईसीयू में भर्ती था और कोमा में था। डॉक्टरों ने हर्ष की स्थिति शुरुआत से ही नाजुक बताई थी, लेकिन वे धीरे-धीरे रिकवरी होने की बात भी कह रहे थे। बच्चे के दादा ने बताया कि उसे भर्ती कराने के बाद से होश नहीं आया। डॉक्टर रोज कहते थे कि अब बेहतर है, लेकिन वह हमें छोड़कर चला गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हर्ष के पिता गोकुल किसान हैं। उनके दो बेटे हैं, जिनमें हर्ष बड़ा था। बच्चे के इलाज के लिए परिवार चार महीनों से नागपुर में ही रह रहा था। एम्स में हर्ष का इलाज तो मुफ्त हुआ, लेकिन परिजनों के नागपुर में रहने और खाने-पीने पर लाखों रुपये खर्च कर दिए। आमला एसडीएम ने बच्चे की मौत की पुष्टि की। कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से बीमार हुए बच्चों में हर्ष भी शामिल था, जिसे गंभीर हालत में नागपुर एम्स रेफर किया गया था। हर्ष की मौत के साथ ही यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सिराज/ईएमएस 03फरवरी26