- मध्यभारत हिन्दी साहित्य समिति और इंदौर प्रेस क्लब का संयुक्त आयोजन, 6 फरवरी तक चलेगी प्रदर्शनी इंदौर (ईएमएस)। इंदौर प्रेस क्लब में मंगलवार से साहित्य और पत्रकारिता का एक अनूठा संगम देखने को मिला। मध्यभारत हिन्दी साहित्य समिति एवं इंदौर प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में कालजयी साहित्यकारों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित एक विशेष पोस्टर प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। यह प्रदर्शनी आगामी 6 फरवरी तक कला और साहित्य प्रेमियों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति के प्रधानमंत्री अरविंद जवलेकर, प्रेस क्लब के अध्यक्ष दीपक कर्दम, पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी और महासचिव प्रदीप जोशी ने किया। :: स्मृतियों का पुण्य स्मरण :: उद्घाटन अवसर पर अरविंद जवलेकर ने कहा कि समिति ने तीन वर्ष पूर्व महान साहित्यकारों के पुण्य स्मरण की यह अनूठी पहल शुरू की थी। इसका मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को उन कालजयी रचनाकारों से रूबरू कराना है, जिन्होंने भारतीय साहित्य को वैश्विक पहचान दिलाई। अरविंद तिवारी ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे देशभर में अपनी तरह का अनूठा आयोजन बताया। :: मीडिया और साहित्य का जुड़ाव :: प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम ने कहा कि क्लब परिसर में इस प्रदर्शनी के आयोजन से पत्रकार साथियों को भी उन महान साहित्यकारों के जीवन संघर्ष और लेखन शैली को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। महासचिव प्रदीप जोशी ने इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए प्रेस क्लब को चुनने पर समिति का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संजय त्रिपाठी, अभय तिवारी, श्याम कामले, विजय भट्ट, घनश्याम यादव, अरविंद ओझा, राजेश शर्मा, नागेश व्यास, और धर्मेश यशलाहा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार और छायाकार मौजूद थे। कार्यक्रम का सफल संचालन कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी ने किया और आभार प्रदर्शन प्रबंध मंत्री घनश्याम यादव ने किया। प्रकाश/3 फरवरी 2026