रांची(ईएमएस)।रांची के खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल में हाल ही में हुई आगजनी की घटना को रांची नगर निगम ने गंभीरता से लिया घटना के बाद यात्रियों और बस कर्मियों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है।मंगलवार को रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार ने बस टर्मिनल का निरीक्षण किया और वहीं एक समीक्षा बैठक की।बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारी, बस स्टैंड के संवेदक, बस ऑनर एसोसिएशन, बस चालक और अन्य कर्मचारी शामिल हुए। अपर प्रशासक ने बैठक में साफ कहा कि सुरक्षा म किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बस संचालक अपने ड्राइवर, कंडक्टर और कर्मचारियों की पूरी जानकारी नगर निगम को देंगे।बस टर्मिनल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना पुलिस, इनफोर्समेंट टीम और होमगार्ड की नियमित गश्त होगी। नशा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि बस टर्मिनल के प्रवेश और निकास द्वार पर कड़ी नजर रखी जाएगी। स्टैंड में खड़ी बसों के दरवाजे बंद रहेंगे और ड्राइवर या खलासी के अलावा कोई भी व्यक्ति बस के अंदर नहीं रहेगा।बस स्टैंड परिसर में खड़ी सभी कंडम और बेकार बसों को तीन दिनों के भीतर हटाने का निर्देश दिया गया है।तय समय में बस नहीं हटाने पर नगर निगम द्वारा जुर्माना लगाकर स्क्रैपिंग की कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही पूरे बस टर्मिनल में खराब लाइटों को जल्द ठीक किया जाएगा और जरूरत के अनुसार नई लाइटें लगाई जाएंगी।सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। बस टर्मिनल परिसर से सभी अवैध ठेला, खोमचा और दुकानों को हटाया जाएगा।साथ ही किसी भी तरह की अवैध वसूली को सख्ती से रोका जाएगा।भविष्य में आग जैसी घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए अग्निशमन दल की तैनाती और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित विभाग से पत्राचार किया जाएगा।अपर प्रशासक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल को सुरक्षित, साफ और यात्री-अनुकूल बनाया जाएगा।यात्रियों और बस चालकों को बेहतर सुविधा देना नगर निगम की प्राथमिकता है।इस मौके पर उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, जिला प्रशासन की टीम और अन्य कर्मचारी मौजूद थे। कर्मवीर सिंह/03फरवरी/26