क्षेत्रीय
04-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोटे कापसी के हाई स्कूल खेल मैदान में नशे की प्रतिबंधित दवाइयां बेचते एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशे में उपयोग होने वाली 282 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद की गई हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कूल मैदान में एक युवक नशेड़ियों को प्रतिबंधित दवाइयां बेच रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रकाश बैरागी (36 वर्ष), निवासी उजाला, वर्तमान निवास पीवी-2 बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के झोले से एलोपैथिक श्रेणी की प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि एक टैबलेट की वास्तविक कीमत लगभग 10 रुपये है, लेकिन वह नशेड़ियों को 100 रुपये प्रति गोली के हिसाब से बेचता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि ये गोलियां वह धमतरी से लाता था, जिसकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।