क्षेत्रीय
04-Feb-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। शहर के नरहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चनार की एक महिला ने धार्मिक आधार पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसके घर का घेराव कर उस पर जबरन धर्म-वापसी का दबाव बनाया और विभिन्न प्रकार की धमकियां दीं। शिकायतकर्ता बुदेश्वरी गावड़े, निवासी ग्राम चनार, ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में कहा है कि वह किसी भी समय ईसाई धर्म में परिवर्तित नहीं हुई है, इसके बावजूद उसे और अन्य ईसाई आस्था से जुड़े लोगों को गांव में प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला के अनुसार ग्राम चनार में ग्राम प्रमुखों द्वारा सामूहिक रूप से एक ग्राम नियम बनाया गया, जिसके बाद उसी दिन दोपहर में ग्राम पंचायत के सरपंच रविन्द्र कावड़े, ग्राम पटेल सागु सलाम, गायता मेहतर कावड़े, कोटवार एवं अन्य लोगों द्वारा उसे बुलाकर दबाव बनाया गया और धमकियां दी गईं। महिला ने आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत करते हुए अपराध दर्ज करने की मांग की है।गौरतलब है कि इससे चार दिन पहले भी दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र के ग्राम कराकी के एक परिवार ने इसी तरह के आरोप लगाते हुए एसपी कांकेर को आवेदन सौंपा था, जिससे जिले में धार्मिक आधार पर उत्पीड़न को लेकर बहस तेज हो गई है।