अंतर्राष्ट्रीय
04-Feb-2026
...


यह समिट के इतिहास का सबसे बड़ा आयोजन, भविष्य की सरकारों को आकार देना है थीम रियाद,(ईएमएस)। दुबई में 3 से 5 फरवरी तक वर्ल्ड गवर्नमेंट्स समिट 2026 आयोजित किया जा रहा है। इस बार की थीम है- भविष्य की सरकारों को आकार देना। यह समिट के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन है, जिसमें दुनिया भर से सबसे ज्यादा लोग भाग ले रहे हैं। इस समिट में 6,000 से ज्यादा लोग शामिल हो रहे हैं, जिनमें 35 से ज्यादा देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री, 150 देशों की टीमें और 500 से ज्यादा मंत्री शिरकत कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दुबई के मंत्री मोहम्मद अल गरगावी ने बताया कि 2013 में शुरू हुआ यह सफर अब काफी बदल चुका है। पहले इसका मकसद सिर्फ सरकारी कामकाज को बेहतर बनाना होता था, लेकिन आज यह एक ऐसा बड़ा मंच बन गया है, जहां दुनिया की बड़ी और कठिन समस्याओं के हल ढूंढे जाते हैं। इस बार समिट में अब तक के सबसे ज्यादा देशों के बड़े नेता एक साथ जुट रहे हैं। पुष्टि किए गए नेताओं में भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन, इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ, एस्टोनिया के राष्ट्रपति अलार करिस और उत्तर मैसेडोनिया की राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा शामिल हैं। शासनाध्यक्षों में स्पेन, अल्बानिया, जॉर्जिया, मिस्र, भूटान और कई अन्य देशों के प्रधानमंत्री शामिल हो हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक 2026 के एजेंडे में 24 विशेष वैश्विक मंच, 35 से अधिक मंत्री-स्तरीय और उच्च-स्तरीय बैठकें और 320 से ज्यादा सत्र आयोजित होंगे, जिनमें राष्ट्रपतियों, मंत्रियों, नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों और विचारकों समेत 450 से ज्यादा वैश्विक हस्तियां शामिल होंगी। ये सत्र शासन, प्रौद्योगिकी, विमानन, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, वैश्विक व्यापार, निवेश और उभरते भविष्य के उद्योगों जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित होंगे। इस शिखर सम्मेलन में 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठनों के साथ-साथ दुनिया के बड़े संस्थान भी एक साथ जुट रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष, आर्थिक सहयोग और विकास संगठन, अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम, विश्व बैंक, ओपेक फंड और खाड़ी सहयोग परिषद जैसे संगठनों के वरिष्ठ नेता हाई-लेवल चर्चाओं और रणनीतिक बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन रणनीतिक चर्चाओं और मंचों में भविष्य की शासन व्यवस्था, आर्थिक समृद्धि, रणनीतिक निवेश, सामाजिक कल्याण, शहरी विकास और उभरते क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही यह शिखर सम्मेलन अपने अंतरराष्ट्रीय नॉलेज पार्टनर्स के सहयोग से 36 रणनीतिक रिपोर्ट भी जारी करेगा, जिनका मकसद दुनिया भर में सरकारी नीतियों और बड़े फैसलों को सही दिशा देना है। सिराज/ईएमएस 04फरवरी26 ----------------------------------