राज्य
04-Feb-2026
...


* यातायात पुलिस ने अपनाया सख्त रुख कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में 37वें सडक़ सुरक्षा जागरूकता माह अंतर्गत लगातार चलाए गए अभियान से यातायात व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिला है। बावजूद इसके कुछ वाहन चालक अब भी यातायात नियमों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। ऐसे मामलों में यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई भारी वाहनों को लॉक कर वाहन चालकों पर अर्थदंड लगाया। उक्त कार्यवाही अंचल के प्रमुख और व्यस्त इलाके सर्वमंगला चौक, हसदेव कैनाल जोड़ा पुल, राताखार तथा दर्री-रूमगरा क्षेत्र के ध्यानचंद चौक के आसपास की गई। इन स्थानों पर भारी वाहनों को नो पार्किंग जोन में मनमाने तरीके से खड़ा कर दिया गया था, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही थी और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत करते हुए सडक़ किनारे खड़े वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। नियम तोडने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लॉक लगाने की कार्रवाई करते हुए अर्थदंड भी वसूला गया। उक्त कार्यवाही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, डीएसपी ट्रैफिक डी.के. सिंह के मार्गदर्शन तथा निरीक्षक तेज यादव के नेतृत्व में की गई। इस अभियान में यातायात पुलिस दल के मनोज राठौर, रामनारायण, ईश्वर लहरे सहित हेड कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। कोरबा जिला यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 04 फरवरी / मित्तल