- कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में प्रबंध समिति की बैठक संपन्न इंदौर (ईएमएस)। विश्व प्रसिद्ध श्री गणपति मंदिर खजराना में आगामी महाशिवरात्रि का पर्व अभूतपूर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। बुधवार को कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रबंध समिति की बैठक में उत्सव की तैयारियों सहित मंदिर के आगामी विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, आईडीए अध्यक्ष डॉ. अभिजीत झाड़े और अपर कलेक्टर निशा डामर सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे। कलेक्टर ने संपूर्ण मंदिर परिसर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। :: महाशिवरात्रि पर होगा महारूद्राभिषेक और महाप्रसादी वितरण :: बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रातः 9 बजे भगवान शिव का विशेष महारूद्राभिषेक और भव्य आरती होगी। इस दौरान महादेव को साबुदाने की खिचड़ी और खीर का महाप्रसाद अर्पित किया जाएगा, जिसे दानदाताओं के सहयोग से सैकड़ों किलो की मात्रा में तैयार कर श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। संपूर्ण मंदिर परिसर को सुगंधित पुष्पों और आकर्षक विद्युत लड़ियों से अलंकृत किया जाएगा। सुरक्षा, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था को लेकर भी कलेक्टर ने कड़े निर्देश दिए हैं ताकि दर्शनार्थियों को कोई असुविधा न हो। :: जी-प्लस-2 सुविधा केंद्र और अन्न क्षेत्र का विस्तार :: बैठक का मुख्य आकर्षण मंदिर परिसर में प्रस्तावित अत्याधुनिक जी-प्लस-2 सुविधा केंद्र रहा। थ्रीडी प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया कि प्रसाद की दुकानों के पीछे स्थित रिक्त भूमि पर इस केंद्र का निर्माण होगा, जिसमें आधुनिक पार्किंग, बच्चों के लिए किड्स जोन और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही अन्न क्षेत्र के विस्तार, बर्तनों की उपलब्धता और परोसगारी दल की संख्या बढ़ाने पर भी सहमति बनी। उल्लेखनीय है कि अन्न क्षेत्र की भोजन प्रसादी अब एमवायएच के साथ अन्य अस्पतालों में भी उपलब्ध कराई जा रही है। बैठक में अरविंद बागड़ी, पंडित अशोक भट्ट और पंडित विनीत भट्ट सहित अन्य समाजसेवी व सदस्य उपस्थित थे। प्रकाश/04 फरवरी 2026