जबलपुर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 220 के.व्ही. सबस्टेशन निमरानी में पदस्थ सहायक अभियंता प्रदीप पाटीदार को ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गत दिवस जबलपुर में आयोजित एक विशेष समारोह में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। उल्लेखनीय है कि सहायक अभियंता प्रदीप पाटीदार ने एमपी ट्रांसको में लागू की जा रही ट्रांसमिशन एसेट मैनेजमेंट प्रणाली (टेम्स) के क्रियान्वयन के दौरान उत्पन्न हो रही तकनीकी एवं व्यवहारिक कठिनाइयों के समाधान में विशेष रुचि एवं पहल की। उन्होंने मुख्यालय जबलपुर स्थित आई.टी. सेल के समन्वय से कंपनी के विभिन्न वृत्तों एवं संभागों के कार्मिकों को स्थानीय स्तर पर ही प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे इस महत्वपूर्ण परियोजना को अंतिम रूप देने में एमपी ट्रांसको को प्रभावी सहायता प्राप्त हुई। इस अवसर पर एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी एवं ट्रांसमिशन क्षेत्र के विशेषज्ञ तथा सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता नीलकंठ गजानन टिकेकर ने उन्हें एमपी ट्रांसको राज्यस्तरीय ई-गवर्नेंस मेडल, प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। गौरतलब है कि एमपी ट्रांसको ने कंपनी में डिजिटल नवाचार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ई-गवर्नेंस श्रेणी के अंतर्गत यह पुरस्कार प्रारम्भ किया है।, सुनील साहू / मोनिका / 04 फरवरी 2026