क्षेत्रीय
04-Feb-2026
...


- कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान एवं उपचार को लेकर दी गई व्यापक जानकारी मुरैना ( ईएमएस ) | विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में कैंसर जांच शिविरों का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पदमेश उपाध्याय के मार्गदर्शन में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पताल, जिला चिकित्सालय मुरैना एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में कॉमन कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा 30 से 65 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों की मुख कैंसर, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य सामान्य कैंसरों की जांच की गई। जांच उपरांत नागरिकों को उपचार संबंधी परामर्श दिया गया तथा चिन्हांकित जटिल रोगियों को आवश्यकता अनुसार सर्जरी एवं रेडियोथेरेपी के लिए उच्च संस्थानों में रेफर किया गया। कैंसर जांच के साथ-साथ शिविरों में एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी स्क्रीनिंग, एनएएफएलडी (फैटी लिवर) स्क्रीनिंग, कुष्ठ रोग स्क्रीनिंग एवं एनीमिया स्क्रीनिंग भी की गई, जिसमें जांच के पश्चात आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया। कैंसर रोगियों को आवश्यकता अनुसार डे केयर कैंसर कीमोथेरेपी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। जिला चिकित्सालय, मुरैना में स्वास्थ्य यकृत मिशन के अंतर्गत फाइब्रोस्कैन जांच हेतु विशेष शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ग्वालियर से आई विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा नागरिकों की यकृत संबंधी बीमारियों की जांच कर उपचार एवं परामर्श दिया गया। शिविरों के दौरान नागरिकों को कैंसर से बचाव, समय पर पहचान एवं रोकथाम के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया।