- कलेक्टर 10 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं, मुरैना जिले में 76 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम मुरैना ( ईएमएस ) | माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री की बोर्ड परीक्षाएं 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए मुरैना जिले में कुल 76 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा है कि बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन चुनाव की तर्ज पर पूर्णतः स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से किया जाए तथा मंडल द्वारा जारी सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। वह शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरैना में बैठक के दौरान केंद्राध्यक्षों एवं सहायक केंद्राध्यक्षों को निर्देशित कर रहे थे। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एस. इंदौलिया, डीपीसी श्री हरीश तिवारी, समस्त बीईओ, सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे। कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष के अतिरिक्त एक अधिकारी को कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में तैनात किया जाएगा। प्रश्नपत्र मंडल के निर्देशों के अनुसार निर्धारित समय पर ही थाने से निकाले जाएंगे। यदि किसी कारणवश कलेक्टर प्रतिनिधि थाने तक नहीं पहुंच पाते हैं, तो इसकी सूचना तत्काल सीईओ जिला पंचायत अथवा स्वयं कलेक्टर को दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान कलेक्टर प्रतिनिधि के अतिरिक्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के पास मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए। फर्जी परीक्षार्थियों की रोकथाम के लिए प्रवेश पत्रों की सघन जांच करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि क्यूआर कोड स्कैन किया जाए तथा प्रवेश पत्र की फोटो का परीक्षार्थी से मिलान किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर परीक्षार्थी से माता-पिता का नाम अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी पूछकर भी सत्यापन किया जा सकता है। प्रश्नपत्र सेट की व्यवस्था सही से सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जहां संभव हो वहां पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र की 100 मीटर की परिधि में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर बेरिकेडिंग कराई जाएगी। जिस विद्यालय में परीक्षा संचालित हो रही है, वहां उसी विद्यालय के शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई जाए। यथासंभव प्राइमरी एवं मिडिल स्कूल के शिक्षकों को परीक्षा कार्य में लगाया जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों के लिफाफे प्रातः 8रू50 बजे से पूर्व न खोले जाएं तथा उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षार्थियों को ठीक 8रू55 बजे ही वितरित की जाएं। प्रश्नपत्र खुलने से लेकर उत्तर पुस्तिकाओं की पैकिंग तक की सम्पूर्ण जिम्मेदारी केंद्राध्यक्ष एवं सहायक केंद्राध्यक्ष की होगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोरी उत्तर पुस्तिकाओं के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहें। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाए। जिला समन्वयक संस्था से थानों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने के लिए रूट चार्ट तैयार किए जाएं। सोशल मीडिया पर अफवाहों पर सख्त नियंत्रण कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता भंग करने वाली किसी भी प्रकार की अफवाह को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी प्रसारित न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।