- एसीबी ने अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी ) ने तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने चोरभट्टी धान खरीदी केंद्र के प्रभारी से सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग की थी। केंद्र प्रभारी पर लगातार दबाव डाला जा रहा था और जब वह परेशान होकर एसीबी के पास पहुंचे तो शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया। टीम ने नकद रकम को चिन्हित कर दिया और निर्धारित समय पर अधिकारियों से रिश्वत लेने के दौरान मौके पर ही घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के समय 35 हजार रुपये की रकम बरामद हुई, जिसे रिश्वत के रूप में लिया गया था। इस घटना से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम ने दोनों आरोपियों को कस्टडी में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई जारी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 फरवरी 2026