क्षेत्रीय
04-Feb-2026
...


- महालक्ष्मी नगर इकाई का आयोजन : मेधावी बच्चों और वरिष्ठजनों के योगदान को समाज ने सराहा :: इंदौर (ईएमएस)। समाज में आपसी समरसता, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं एकता के भाव को बल देने के उद्देश्य से सर्व ब्राह्मण युवा संगठन, महालक्ष्मी नगर इकाई द्वारा भव्य मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। साईं कृपा कॉलोनी स्थित मेला ग्राउंड पर आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में समाजजनों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया। समारोह का शुभारंभ भगवान परशुराम की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र नन्हे बच्चों द्वारा किया गया श्लोक वाचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं, जिनकी आध्यात्मिक ऊर्जा ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगठन की महालक्ष्मी नगर इकाई के अध्यक्ष पं. अमित त्रिवेदी, महिला कार्यकारिणी अध्यक्ष दीपा हेमंत शर्मा तथा महासचिव पं. पंकज वैद्य ने बताया कि इस आयोजन का मूल उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना और वरिष्ठों के अनुभव का लाभ लेना है। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज का गौरव बढ़ाने वाले मेधावी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसी कड़ी में समाज के उन वरिष्ठजनों का भी सम्मान किया गया, जिन्होंने अपने सामाजिक और शैक्षणिक योगदान से समाज को नई दिशा प्रदान की है। इस अवसर पर वार्ड 37 की पार्षद संगीता महेश जोशी, महेश जोशी, केंद्रीय इकाई अध्यक्ष पं. संदीप जोशी एवं हरिओम योगपीठ के संस्थापक रमेश पाटिल सहित अनेक गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित थी। प्रकाश/04 फरवरी 2026