- अतिक्रमण और प्रदूषण पर जताई सख्ती - सुरक्षा के लिए लगेंगे सीसीटीवी कैमरे; एसटीपी प्लांट का काम जल्द पूर्ण करने और पौधारोपण बढ़ाने के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बुधवार प्रातः 7:30 बजे अंतरराष्ट्रीय महत्व की रामसर साइट सिरपुर तालाब का विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाब के प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित करने और जलीय पर्यावरण की सुरक्षा के लिए कड़े निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने तालाब के कैचमेंट एरिया (भराव क्षेत्र) को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने और वहां होने वाले किसी भी अवैध निर्माण पर तत्काल सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने तालाब में फैली जलकुंभी को हटाने के कार्य में गति लाने और जलीय स्वच्छता बनाए रखने पर बल दिया। आयुक्त सिंघल ने तालाब के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को जागरूक किया जाए कि वे तालाब में किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री न डालें, जिससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित न हो। साथ ही, ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को अतिक्रमण से बचाने के लिए प्रमुख स्थानों पर चेतावनी भरे सूचना बोर्ड लगाने को कहा गया। :: विकास कार्यों की समीक्षा :: निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने 20 एमएलडी क्षमता के निर्माणाधीन एसटीपी प्लांट एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर का जायजा लिया। उन्होंने शेष कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने, क्षेत्र में सघन पौधारोपण करने तथा ट्रीटेड वाटर (शोधित जल) का ड्रिप सिंचाई पद्धति से उपयोग करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर आयुक्त आशीष पाठक, प्रखर सिंह, श्रृंगार श्रीवास्तव, सहायक यंत्री आकाश जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रकाश/04 फरवरी 2026