ग्वालियर ( ईएमएस ) | सभापति मनोज तोमर की अध्यक्षता में नगर निगम परिषद् की बैठक का आयोजन किया गया, बैठक में विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिये गये। बैठक में गौशाला के गौवंशों के खाद्य पदार्थ क्रय हेतु समय वृद्धि एवं वित्तीय स्वीकृति के संबंध में चर्चा उपरांत सभापति मनोज तोमर ने उक्त बिंदु को सर्व सम्मत्ति से स्वीकृत किया तथा निगमायुक्त को निर्देशित किया कि नेता प्रतिपक्ष हरिपाल एवं पार्षद देवेन्द्र राठौर ने जो संका जाहिर की है उसको संज्ञान में लेकर निविदा प्रक्रिया की जांच करें। बैठक में पार्षद गणों द्वारा लगाए गए स्थगन प्रस्ताव शहर में बिना पार्किंग ठेकों पर की जा रही वसूली के संबंध में चर्चा उपरांत सभापति श्री मनोज तोमर ने निगमायुक्त को अधिकृत करते हुए कहा कि पार्किंग ठेकों की निविदा प्रक्रिया एक माह में पूर्ण करें, अगर निविदा नहीं आये तो तत्काल राशि कम करके 15 दिवस में निविदा प्रक्रिया पूर्ण करें। साथ ही सदस्यों द्वारा बताये गए स्थानों पर एवं शहर के आम रास्तों पर जिन्होंने अतिक्रमण कर रखा है उन पर कार्यवाही करके उनको हॉकर्स जोन में पहुंचाया जाए। दूसरा स्थगन प्रस्ताव जिसमें निगम की आय में वृद्धि हेतु निगम स्वामित्व की व्यावसायिक संपत्तियों के उपयोग के संबंध में चर्चा उपरांत सभापति श्री तोमर ने आसंदी से निर्देशित किया कि आय वृद्धि की निगमायुक्त समीक्षा करें तथा निगम को हो रही राजस्व हानि को देखते हुए आवंटन की प्रक्रिया डेढ माह में अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। तीसरे प्रस्ताव में स्वीकृत विभिन्न स्थानों पर महापुरुषों की लगाई जाने वाली प्रतिमाएं मौलिक निधि से लगाये जाने पर चर्चा उपरांत सभापति श्री तोमर ने निर्देशित किया कि निगमायुक्त समीक्षा कर नियमानुसार कार्यवाही करें। इसके साथ ही वैशली नदी मुरार के उन्नयन को लेकर लगाये गए स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा उपरांत सभापति श्री तोमर ने निर्देशित किया कि पूर्व ठहराव का अक्षरशः पालन किया जाए और उसकी जानकारी सदन को भिजवाई जाए। साथ ही शहर में आम रास्तों पर बने हुए गेटों के संबंध में स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा उपरांत सभापति श्री तोमर ने निर्देशित किया कि निगमायुक्त के कथन अनुसार सम्पूर्ण जानकारी एकत्रित करने के बाद सदन में प्रस्तुत की जाएगी, इसके बाद चर्चा कर निर्णय लिए जाएगा। इसके बाद बैठक में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री श्री अजीत पवार, पत्रकार श्री राकेश झा एवं सेना के जवान श्री शैलेन्द्र भदौरिया के आकस्मिक निधन पर शोक प्रस्ताव रखा गया तथा दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु 2 मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त कर, एजेंडे समाप्ति की घोषणा की गई।