व्यापार
05-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। वर्ष 2026 की शुरुआत जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने सकारात्मक संकेतों के साथ की है। जनवरी 2026 में कंपनी ने कुल 4,843 गाड़ियों की रिटेल बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 9 फीसदी अधिक है। यह वृद्धि मुख्य रूप से एमजी की इलेक्ट्रिक वाहनों और प्रीमियम मॉडल्स की बढ़ती लोकप्रियता के कारण देखी जा रही है। कंपनी का कहना है कि भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिसका सबसे बड़ा लाभ उसे अपनी विंडसर ईवी की सफलता के रूप में मिल रहा है। विंडसर ईवी, एमजी की अब तक की सबसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कार बन चुकी है। इसकी दमदार रेंज, विशाल इंटीरियर और आक्रामक कीमत ने इसे उपभोक्ताओं के बीच बेहद पसंदीदा बना दिया है। इस मॉडल ने एमजी की कुल इलेक्ट्रिक बिक्री को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई है और यह लगातार कंपनी की टॉप-सेलिंग ईवी बनी हुई है। सिर्फ ईवी ही नहीं, पेट्रोल-डीजल यानी आईसीई सेगमेंट में भी कंपनी की पकड़ मजबूत होती दिखाई दे रही है। स्पोर्टी डिजाइन वाली सायबस्टर और लग्जरी एम9 एमपीवी को ग्राहकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे एमजी का प्रीमियम बाजार में दबदबा और बढ़ रहा है। कंपनी जल्द ही अपनी नई फ्लैगशिप एसयूवी एमजी मजेस्टर को पेश करने वाली है, जिसकी आधिकारिक अनवीलिंग 12 फरवरी 2026 को निर्धारित की गई है। यह मॉडल सीधे टोयोटा फॉर्च्यूनर को चुनौती देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। मजेस्टर में 2.0-लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन मिलेगा, जो 213 बीएचपी की पावर और 478 एनएम का टॉर्क प्रदान करने में सक्षम है। इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि एमजी इस सेगमेंट में भी प्रतिस्पर्धा को नया आयाम देने वाली है। नई एमजी हेक्टर को जनवरी में ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, जिससे संकेत मिलता है कि एमजी पारंपरिक इंजन वाली गाड़ियों में भी प्रतिस्पर्धा बनाए रखने को तैयार है। वहीं, कंपनी की प्रीमियम एमजी सेलेक्ट लाइन-अप की मांग में भी तेज़ी देखी गई है।