व्यापार
06-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। हीरो मोटोकॉर्प ने घरेलू बाजार में दिसंबर 2025 में सालाना आधार पर बेहतरीन प्रदर्शन दर्ज किया। पूरे साल की तुलना में कंपनी की मांग दिसंबर महीने में पहले से ज्यादा मजबूत दिखाई दी। कम्यूटर सेगमेंट की पारंपरिक पकड़ और इलेक्ट्रिक स्कूटरों में बढ़ती दिलचस्पी ने हीरो को इस महीने भी स्थिरता प्रदान की। हीरो स्प्लेंडर ने एक बार फिर कंपनी की रीढ़ साबित होते हुए दिसंबर में करीब 2.80 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की। कुल घरेलू बिक्री में इसकी हिस्सेदारी लगभग 67 प्रतिशत रही, जो दर्शाता है कि स्प्लेंडर आज भी भरोसे, माइलेज और कम मेंटेनेंस के कारण सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली बाइक बनी हुई है। इसके साथ ही एचएफ डिलक्स ने ग्रामीण और कस्बाई बाजारों में अपनी पकड़ बनाए रखी, जबकि ग्लेमर जैसी प्रीमियम कम्यूटर बाइक ने भी बिक्री बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। कंपनी की कुल घरेलू बिक्री 4.18 लाख यूनिट्स के पार पहुंची, जो पिछले साल दिसंबर के मुकाबले मजबूत सालाना ग्रोथ को दर्शाती है। हालांकि नवंबर की तुलना में हल्की गिरावट देखी गई, लेकिन यह कमी त्योहारों के बाद बाजार की सामान्य मंदी का परिणाम मानी जा रही है। स्कूटर सेगमेंट में डेस्टीनी 125 ने दमदार प्रदर्शन किया और सालाना आधार पर इसमें उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई। फैमिली स्कूटर कैटेगरी में इसकी बढ़ती लोकप्रियता ने यह स्पष्ट किया कि हीरो इस सेगमेंट में भी अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। सबसे बड़ा आकर्षण वीडा इलेक्ट्रिक स्कूटर रहा, जिसकी बिक्री में पिछले साल की तुलना में कई गुना वृद्धि दर्ज की गई। इलेक्ट्रिक सेगमेंट में यह तेजी संकेत देती है कि आने वाले समय में वीडा, हीरो के लिए महत्वपूर्ण गेम-चेंजर साबित हो सकता है। प्रीमियम और स्पोर्टी बाइक्स जैसे एक्ट्रीम और एक्सपल्स को सालाना आधार पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला, हालांकि मासिक बिक्री आंकड़ों में दबाव दिखाई दिया।