मुंबई, (ईएमएस)। सायबर ठगों ने एक तलाकशुदा महिला को मुंबई में घर दिलाने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपया ठग लिया। जानकारी के अनुसार मुंबई के मुलुंड इलाके में रहने वाली एक 42 साल की एक तलाकशुदा ग्राफिक डिजाइनर, जो जीवनसाथी की तलाश कर रही थी, एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर एक ऐसे शख्स से मिली, जिसने खुद को आईपीएस अधिकारी का बेटा बताया और कहा कि वह तलाकशुदा और विधवा महिलाओं की मदद के लिए एक एनजीओ में काम करता है। उस शख्स ने पीड़िता का भरोसा जीता और उसे बताया कि वह एक स्कीम के तहत घर पाने के लिए एलिजिबल है और उससे रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने को कहा। शिकायतकर्ता ने करीब चार साल पहले साइट पर अपनी तस्वीरें पोस्ट करके अपना प्रोफाइल बनाया था। पिछले साल 29 सितंबर को उसे शादी का रिक्वेस्ट मिला, जिसे उसने 18 अक्टूबर, 2025 को एक्सेप्ट कर लिया। अगले दिन, उस शख्स ने उससे संपर्क किया, जिसने अपना परिचय विराज भोसले, उम्र 45, पुणे के तलेगांव दाभाडे का रहने वाला बताया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे बताया कि वह सरकारी वेलफेयर स्कीम के तहत मुंबई में घर पाने के लिए एलिजिबल है। उसने कथित तौर पर जोर दिया कि स्कीम के लिए उसे पहले एडवांस पेमेंट करना होगा और अपने नाम पर पर्सनल लोन लेना होगा। 19 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच, उसने अपनी बचत से 5.6 लाख रुपये और लोन के ज़रिए अतिरिक्त 17.7 लाख रुपये ट्रांसफर किए। बाद में जब उसने संपर्क करने की कोशिश की तो उससे संपर्क नहीं हो पाया जिसके बाद उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। बहरहाल पुलिस मामले की जाँच कर रही है।