- कई प्रमुख इलाके प्रभावित रायगढ़(ईएमएस)। शहर में गर्मी शुरू होने से पहले बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने और खुले तारों को कवर्ड तारों में बदलने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी मेंटेनेंस कार्य के चलते शहर के व्यस्त इलाकों में करीब चार घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इस दौरान नगर निगम कार्यालय सहित जिला अस्पताल की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित होने की संभावना है। मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत 11 केवी के खुले बिजली तारों को कवर्ड तारों में बदला जा रहा है। इसी क्रम में 33/11 केवी संभागीय कार्यालय उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले 11 केवी अस्पताल फीडर की सप्लाई अस्थायी रूप से बंद की जाएगी। बिजली विभाग के अनुसार सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इस अवधि में जिला अस्पताल, नगर निगम क्षेत्र, टाउन हॉल के आसपास का इलाका, अग्रसेन चौक से सुभाष चौक रोड, संजय मार्केट, बालाजी कपड़ा बाजार और अन्नपूर्णा ट्रेडर्स रोड की बिजली प्रभावित रहेगी। इसके अलावा 33 केवी लाइन से जुड़े ग्रैंड मॉल और गैलेक्सी मॉल की बिजली सप्लाई भी अस्थायी रूप से बंद रहेगी। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकतानुसार समय में बदलाव संभव है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी हल्की गर्मी होने के कारण यह काम शुरू किया गया है, क्योंकि तेज गर्मी में बिजली के खंभे ज्यादा गर्म हो जाते हैं और कर्मचारियों को काम करने में दिक्कत होती है। साथ ही, गर्मी के चरम पर बिजली कटौती से आम लोगों को अधिक परेशानी होती है, इसलिए पहले ही सुधार कार्य किया जा रहा है। फिलहाल तीन फीडरों पर तार बदलने का काम जारी है, जिसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति सुचारू बनी रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026