- वीडियो से ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार रायगढ़(ईएमएस)। जिले में शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर धमकाने के आरोपी को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बादल सिंह राजपूत (28 वर्ष), निवासी कोतरारोड बैकुंठपुर के रूप में हुई है। वह सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का सूचीबद्ध गुंडा-बदमाश भी बताया जा रहा है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने अक्टूबर 2022 से जनवरी 2026 तक शादी का झांसा देकर अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने चोरी-छिपे अश्लील वीडियो भी बना लिए। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इनकार कर दिया और वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69, 115(3), 351(2) और 308(2) के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026