- पुलिस बड़े गिरोह की कड़ी तलाश में रायगढ़(ईएमएस)। जिले में हाल ही में पकड़े गए सेक्स रैकेट का मामला अब स्थानीय दायरे से आगे बढ़ता नजर आ रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि केवड़ाबाड़ी इलाके के शिवा नगर में देह व्यापार संचालित करने वाला दंपति मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला है, जो रायगढ़ में किराए का मकान लेकर यह नेटवर्क चला रहा था। कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवा नगर क्षेत्र के एक मकान में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए सीएसपी मयंक मिश्रा के निर्देशन में योजना बनाकर एक आरक्षक को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा गया। वहां युवतियां उपलब्ध कराने की बात सामने आते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा।छापेमारी के दौरान आरोपी राहुल यादव, उसकी पत्नी और देह व्यापार में शामिल दो युवतियां मौके पर मिलीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दंपति करीब चार महीने पहले रायगढ़ आया था। यहां उन्होंने अनिल कुमार नंदे का मकान किराए पर लेकर बाहर से युवतियां बुलाकर ग्राहकों को उपलब्ध कराने का काम शुरू किया। मोबाइल के जरिए संपर्क कर सौदे तय किए जाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रायगढ़ आने से पहले वे किन-किन शहरों में सक्रिय थे और क्या उनके तार किसी बड़े संगठित सेक्स रैकेट से जुड़े हैं। इधर पुलिस ने यह भी माना है कि शहर में किराए के मकानों का किरायानामा नहीं बनने और किराएदारों की जानकारी थानों में दर्ज न होने से बाहरी लोगों की गतिविधियों पर निगरानी कमजोर हो रही है। चक्रधर नगर और कोतवाली थाना क्षेत्र में पहले सामने आए ऐसे मामलों में भी यही तथ्य सामने आया था कि किरायानामा नहीं कराया गया था, जिससे अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर नेटवर्क के अन्य संभावित कड़ियों की तलाश में जुटी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026