- आरोपी सुरेश यादव (26) और संजय यादव (21) गिरफ्तार, दोनों ने कबूला जुर्म जशपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के एक गांव में 2 फरवरी की रात को 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़िता ने 3 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह 24 जनवरी से अपने मामा के घर आई हुई थी। 2 फरवरी की रात वह अपने भाई के साथ मामा के गांव के पास एक पड़ोसी गांव में करमा नाच कार्यक्रम देखने गई थी। रात करीब 11 बजे आरोपी सुरेश यादव (26) ने उसे फोन कर मिलने की इच्छा जताई। परिचित होने के कारण वह सहेली के साथ बाहर मिलने के लिए निकली। सुरेश यादव बाइक से वहां पहुंचा और उसे जबरन बाइक पर बैठाकर पास के एक सुनसान मकान में ले गया। वहां विरोध के बावजूद उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान सुरेश का दोस्त संजय यादव (21) मकान के बाहर पहरेदारी कर रहा था। घटना के बीच पीड़िता के परिवार वाले उसे ढूंढते हुए वहां पहुंच गए। पहरेदारी कर रहे संजय ने आवाज लगाई और दोनों आरोपी लड़की को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पीड़िता की रिपोर्ट पर बगीचा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों सुरेश यादव और संजय यादव के घरों पर दबिश दी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026