क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


- दो पर FIR दर्ज सरगुजा(ईएमएस)। जिले में फ्लैगशिप मोबाइल फोन की प्री-बुकिंग पर भारी छूट और मुनाफे का लालच देकर एक व्यवसायी से करीब 16 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पैसे वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने मोबाइल दुकान संचालक और एक युवक के खिलाफ कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार व्यवसायी अर्पित अग्रवाल, जो स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग और मोबाइल खरीद-बिक्री का काम करते हैं, की पहचान रियल एस्टेट कारोबारी आदित्य गुप्ता के माध्यम से आयुष सिंह राजपूत से हुई थी। आयुष ने खुद को बड़े कारोबार से जुड़ा बताते हुए फ्लैगशिप मोबाइल की प्री-बुकिंग पर भारी छूट का ऑफर दिया और बताया कि फोन एक बड़े डीलर ‘कान्हा मोबाइल’ के जरिए मिलेंगे। बताया गया कि 12 नवंबर को अर्पित अग्रवाल आयुष सिंह के साथ कान्हा मोबाइल दुकान पहुंचे, जहां 14 दिन में मोबाइल डिलीवरी या पैसा वापस करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद 25 और 28 नवंबर को करीब 5 लाख रुपये क्रेडिट कार्ड के जरिए दुकान के खाते में जमा कराए गए। आरोप है कि 10 दिसंबर को एक्सक्लूसिव ऑफर का झांसा देकर 2 लाख और 12 दिसंबर को 5 लाख रुपये जमा कराए गए। इसके अलावा 17 और 18 दिसंबर को करीब 2.80 लाख और 66 हजार रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराया गया। बाद में 26 दिसंबर को फोन डिलीवरी रद्द होने की जानकारी दी गई और रिफंड का आश्वासन दिया गया, लेकिन करीब एक महीने तक टालमटोल चलता रहा। जब पीड़ित ने दुकान संचालक आयुष अग्रवाल से संपर्क किया तो पता चला कि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के कुछ ही समय बाद आयुष सिंह राजपूत ने नकद राशि ले ली थी। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में नकद भुगतान दर्ज होने की बात भी सामने आई है। मामले में पुलिस ने आयुष सिंह राजपूत और कान्हा मोबाइल के संचालक आयुष अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026