क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


- ग्रामीणों ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग सरगुजा(ईएमएस)। जिले की लखनपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत मांजा राजाकटेल में विशेष पिछड़ी जनजाति पण्डो समाज की पुस्तैनी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वे पीढ़ियों से अपनी पारंपरिक जमीन पर निवास करते आ रहे हैं और उनकी आजीविका, संस्कृति, परंपरा तथा धार्मिक आस्था जल, जंगल और जमीन से जुड़ी हुई है। यह क्षेत्र पांचवीं अनुसूची में शामिल है, जहां आदिवासी भूमि की सुरक्षा के लिए विशेष संवैधानिक व कानूनी प्रावधान लागू हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पिछले कुछ वर्षों से बाहरी क्षेत्रों के कुछ लोग बिना वैधानिक अधिकार के जमीन पर मकान बनाकर कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर ग्रामीणों को डराने-धमकाने और मारपीट की धमकी देने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों ने बताया कि अशिक्षा और आर्थिक कमजोरी के कारण वे अपने अधिकारों की प्रभावी रक्षा नहीं कर पा रहे हैं, जिसका फायदा उठाकर उनका शोषण किया जा रहा है। अवैध कब्जों के चलते कृषि भूमि कम होती जा रही है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है और पारंपरिक सामाजिक व सांस्कृतिक व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। पण्डो समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की जमीन का राजस्व सर्वे और जांच कराई जाए तथा सभी अवैध अतिक्रमण हटाकर जनजातीय भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026