कांकेर(ईएमएस)। जिले के पचपेड़ी क्षेत्र में आठ गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चिल्हाटी, लोहरसी, बोहारडीह, टांगर, विद्याडीह, भरारी, जलसों, सुकुलकारी और केवतरा गांवों से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर सड़क निर्माण के नाम पर सैकड़ों बबुल और परसा के पेड़ काटे गए, लेकिन सड़क को पक्का करने के बजाय केवल गिट्टी डालकर अधूरा छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रोज सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन बिखरी गिट्टी के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं। कई बार लोग फिसलकर गिर भी जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 2022 से अब तक तीन बार सड़क पर केवल गिट्टी डाली गई, लेकिन आज तक डामरीकरण या पक्का निर्माण नहीं किया गया। बारिश के मौसम में सड़क की हालत और खराब हो जाती है, जिससे आवाजाही मुश्किल हो जाती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क का पक्का निर्माण और डामरीकरण कराने की मांग करते हुए कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की स्थिति बन सकती है।