धमतरी(ईएमएस)। जिले के कलेक्टोरेट परिसर में पानी टंकी से हो रहे लगातार सीपेज के कारण कृषि विभाग के गेट के पास लंबे समय से पानी टपकने की समस्या बनी हुई है। छत से रिसता पानी फर्श पर जमा हो रहा है, जिससे लोगों के फिसलकर गिरने का खतरा भी बढ़ गया है। लगातार नमी के कारण आसपास की दीवारों में सीलन आ गई है और काई जमने लगी है। बताया जा रहा है कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है। संबंधित अधिकारियों का कई बार ध्यान आकृष्ट कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि जल्द ही इस समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो दीवारों की सीलन और बढ़ सकती है, जिससे भवन को नुकसान होने के साथ-साथ वहां रखी फाइलों और दस्तावेजों के खराब होने की आशंका भी है। ऐसे में बारिश और नमी के मौसम को देखते हुए जल्द मरम्मत कर समस्या दूर करने की मांग उठ रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 फरवरी 2026