क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


- भारत फाइनेंशियल के दो फील्ड मैनेजरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज जबलपुर (ईएमएस)। भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड के सिहोरा के दो फील्ड मैनेजरों ने बैंक के साथ ही बैंक से जुड़ी महिलाओं को लाखों रुपए का चूना लगा दिया। सिहोरा थाना पुलिस के अनुसार इस मामले में भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड के सिहोरा ब्रांच मैनेजर वर्तमान में बडग़ैया एसटीडी के बगल में निवास कर रहे गोविंद रजक ने शिकायत दी। पुलिस के अनुसार शिकायत में गोविंद ने बताया कि उसकी कंपनी के फील्ड मैनेजर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के समूह लोन देने एवं उनकी किश्तों के कलेक्शन का कार्य करते हैं। गोविंद की ब्रांच में फील्ड मैनेजर मुख्य मार्ग मंदिर के पास, ग्राम बडख़ेड़ा निवासी आरोपी आकाश रजक एवं खलोंदा, कटनी निवासी आरोपी रत्नेश तिवारी ने अपने पद का दुरुपयोग कर महिलाओं से उनके लोन की किश्तों को बैंक की सिहोरा ब्रांच में जमा करने का विश्वास देकर लोन की किश्तों एवं लिए गए लोन को नियत अवधि के पूर्व बंद करने के रूप में प्री-पेमेंट के रमप में एकत्रित रुपए तो लिए लेकिन नियमानुसार सिहोरा ब्रांच में जमा नहीं कराए। दोनों आरोपी यह राशि अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए संपरिवर्तित कर फरार हो गए। गोविंद को जब आरोपी आकाश एवं रत्नेश द्वारा किए गए इस अपराध की जानकारी लगी तो दोनों से संपर्क कर रुपए लौटाने की बात कही लेकिन दोनों आरोपियों ने रुपए लौटाने से मना कर दिया और कह दिया कि वे पैसे नहीं लौटाएंगे यदि थाने मे शिकायत करना हैं तो कर दें। गोविंद के अनुसार दोनों ने जानबूझकर ब्रांच में जमा किए जाने वाले रुपए का उपयोग कर बैंक के साथ आपराधिक न्यासभंग करते हुए बैंक को आरोपी आकाश रजक ने 2 लाख 46 हजार 30 रुपए एवं आरोपी रत्नेश तिवारी ने 1 लाख 44 हजार 1 सौ 80 रुपए की क्षति पहुंचाई। शिकायत पर जांच के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा बैंक के साथ आपराधिक न्यासभंग कर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी कर आर्थिक क्षति पाए जाने पर आरोपी फील्ड मैनेजर आकाश रजक एवं रत्नेश तिवारी के विरूद्ध धारा 318(4), 316 (5), 316(2), 61 (2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर मामला विवेचना में लिया गया। सुनील साहू / मोनिका / 05 फरवरी 2026