क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


- कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा परीक्षा केंद्रों की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से किया अवलोकन भिंड ( ईएमएस ) | माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए निर्धारित सेंटरों का जायजा लेने आज कलेक्टर भिण्ड ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नयागांव एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ऊमरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सबसे पहले नयागांव स्थित पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने परीक्षा हेतु निर्धारित कक्षों, फर्नीचर की उपलब्धता, विद्यालय परिसर की बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल की व्यवस्था का मुआयना किया। सभी व्यवस्थाओं को परखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जहां भी कमी हो, उसे तत्काल दूर किया जाए। ताकि परीक्षाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें। इसके बाद कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में संचालित कक्षाओं का भ्रमण किया। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से आगामी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। बच्चों के शिक्षा स्तर की पड़ताल की तथा परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के उपयोगी टिप्स साझा किए। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन एवं आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। कलेक्टर ऊमरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने परीक्षा केंद्र की समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विशेष रूप से कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उनके शिक्षा स्तर का आंकलन किया। बच्चों को मेहनत, लगन एवं एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने की समझाइश दी और कहा कि कठिन परिश्रम से ही भविष्य उज्ज्वल बनता है। कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देशित कर कहा कि बोर्ड परीक्षा में अभी कुछ दिन शेष हैं। अतः बच्चों के शिक्षा स्तर को और सशक्त बनाने का हरसंभव प्रयास करें। ताकि विद्यार्थी अधिकतम अंकों से उत्तीर्ण हों तथा विद्यालय रिजल्ट में शीर्ष स्थान प्राप्त करे। जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को केंद्रों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।