* बताया जा रहा कोयला चोरी के दौरान हादसा होना * दूसरे दिन सुबह मिला शव कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित एसईसीएल मानिकपुर खदान में एक मजदूर की 170 फीट की ऊचाई से गिरने से मृत्यु हो गयी हैं। घटना की सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान मानिकपुर खदान से सटे ग्राम कुदारी निवासी 42 वर्षीय भगत कुमार मरावी के रूप में की गयी हैं। बताया जा रहा हैं की वह कल दोपहर कोयला चोरी करने खदान में गया था। इसी दौरान वह लगभग 170 फीट नीचे सिर के बल गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। जब उक्त व्यक्ति काफी समय तक घर नहीं लौटा, तो परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। दूसरे दिन सुबह ग्रामीणों को खदान में उसका शव मिला, जिसके बाद तत्काल मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचित किया गया। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने मौके पर पहुंचकर कार्यवाही शुरू की। काफी मशक्कत के बाद शव को खदान से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार, मृतक भगत कुमार मरावी एक पैर से दिव्यांग था और उन्हें मिर्गी की बीमारी भी थी। उसके दो छोटे बच्चे और पत्नी हैं। उनके माता-पिता का निधन हो चुका है, वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाला था। एसईसीएल मानिकपुर खदान से सटे ग्राम रापाखरा, कुदरी, ढेलवाडीह, दादर, मानिकपुर, भिलाई खुर्द, सीतामणी और इमलीडुग्गू जैसे कई ग्राम और शहर से लगी बस्तियां हैं। इन क्षेत्रों से बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी की जाती है, जिसे छोटे होटलों, ढाबों और बस्तियों में बेचा जाता है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है। 05 फरवरी / मित्तल