राज्य
05-Feb-2026
...


:: लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक : निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने और मौके पर जाकर मॉनिटरिंग करने के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आज लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की। बैठक के दौरान मंत्री सिलावट ने आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सांवेर विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत सभी बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए ताकि श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो। मंत्री सिलावट ने विशेष रूप से सांवेर विधानसभा में निर्माणाधीन 20 से अधिक सड़कों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को केवल कागजी रिपोर्ट के बजाय स्वयं मौके पर जाकर कार्यों की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग और मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। :: निविदा प्रक्रिया और लोकार्पण पर जोर :: समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि जिन सड़कों की निविदाएं जारी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल खोलकर अनुबंध की औपचारिकताएं पूर्ण की जाएं और कार्य स्थल पर काम शुरू किया जाए। साथ ही, जिन सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनकी सूची तैयार कर तत्काल लोकार्पण की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया। :: इंदौर-सांवेर-उज्जैन मार्ग होगा मुख्य केंद्र :: बैठक में मंत्री ने रेखांकित किया कि सिंहस्थ 2028 के दौरान इंदौर-सांवेर-उज्जैन मार्ग सबसे व्यस्त और प्रमुख संपर्क मार्ग रहेगा। देश-विदेश से आने वाले लाखों यात्रियों की सुविधा के लिए इस मार्ग का सुदृढ़ीकरण और विस्तार अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री एस.एन. सोनी, जयदेव गौतम, एसडीओ टी.के. जैन, शिवानी अकोदिया, राकेश चौबे सहित अन्य विभागीय इंजीनियर उपस्थित रहे। प्रकाश/05 फरवरी 2025