अलीगढ़ (ईएमएस)। शादी-विवाह के सहालग सीजन में शहर की सड़कों को जाम से मुक्त रखने के लिए जिला प्रशासन ने ठोस और निर्णायक कदम उठा लिए हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा बैठक में साफ निर्देश दिए गए हैं कि मैरिज होम्स और बैंक्वेट हॉल द्वारा सड़कों पर पार्किंग कराए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शादी समारोह खुशियों का अवसर है, लेकिन इसकी वजह से आमजन को जाम में फंसना स्वीकार्य नहीं है। सड़क को पार्किंग स्थल बनाना नियमों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को निर्देश दिए कि सहालग के दौरान रामघाट रोड, आगरा रोड, जीटी रोड, एटा चुंगी, खैर रोड, नौरंगाबाद जैसे व्यस्त मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए और अवैध पार्किंग पर तत्काल कार्रवाई हो। अपर जिलाधिकारी नगर किंशुक श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि किसी भी आयोजन में वाहनों की पार्किंग प्रवेश व निकास की सुचारु व्यवस्था, सड़क अवरोध से बचाव की पूरी जिम्मेदारी मैरिज होम अथवा गार्डन संचालक की होगी। नियमों के विपरीत सड़क पर वाहन खड़े पाए जाने पर आयोजन की अनुमति निरस्त करने तक की कार्रवाई की जा सकती है। जिन मैरिज होम्स में स्वीकृत मानकों के अनुरूप पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, सबंधित के द्वारा उन्हें सुधार के निर्देश दिए जाएं। नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रवर्तन अभियान संचालित किया जाए। नागरिकों से भी अपीलः जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था सुधार में आमजन सहयोग करें, वाहन सड़क पर या इधर-उधर खड़े न करें। नियमों के पालन से ही सहालग के दौरान जाम से स्थायी राहत मिल सकेगी। पार्किंग, यातायात और सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन कर शहर को जाम से सुरक्षित रखते हुए ही विवाह आयोजनों को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाया जा सकता है। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 05 फरवरी 2026