क्षेत्रीय
05-Feb-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) डबरा के पास बुधवार को अनंतपेठ रेलवे यार्ड में किलोमीटर नंबर 1191/28-30 पर मे ट्रेन से गिरकर दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निवासी थे और मुंबई से लौटते हुए नागपुर से दिल्ली जा रहे थे। मृतकों की पहचान अरवाज अली (23) पुत्र कौशर अली और मोहम्मद अयान (19) पुत्र मकसूद के रूप में हुई है। दोनों ट्रेन संख्या 12615 जीटी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी प्रभारी साहब सिंह गुर्जर मौके पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक के किनारे शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिले, जिससे उनके चलती ट्रेन से गिरने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मिले एक चालू मोबाइल फोन से परिजनों से संपर्क किया गया, जिसके बाद युवकों की पहचान सुनिश्चित हुई। परिजनों ने डबरा पहुंचकर शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की है। बताया गया है कि दोनों युवक मजदूरी करते थे और नागपुर से दिल्ली मजदूरी के लिए जा रहे थे। वे ट्रेन के जनरल कोच में सवार थे। हादसे के शिकार हुए उनके अन्य तीन साथियों ने रेलवे हेल्पलाइन पर घटना की सूचना दी, जिसके बाद डबरा जीआरपी मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। रेलवे पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।