क्षेत्रीय
05-Feb-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन की वैचारिक मजबूती और कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा केन्द्रीय मुख्यालय में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठनात्मक ढांचे में प्रशिक्षण की अनिवार्य भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह महाअभियान “व्यक्ति निर्माण से संगठन निर्माण और संगठन निर्माण से राष्ट्र निर्माण” के मूल मंत्र पर आधारित है। श्री नवीन ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, अनुशासन और कार्यपद्धति से गहराई से जोड़ता है तथा यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में संगठन को अधिक ऊर्जावान और सशक्त बनाएगा। इस प्रशिक्षण महाअभियान में छत्तीसगढ़ राज्य से भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, प्रदेश प्रवक्ता द्वय श्रीमती शताब्दी पांडे एवं टेकेश्वर जैन, तथा प्रशिक्षण विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. अवधेश जैन उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों ने संगठनात्मक प्रशिक्षण, विचारधारात्मक सशक्तिकरण और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर हुए सत्रों में सक्रिय सहभागिता निभाई। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/05 फ़रवरी 2026